
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से गुस्साए वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी ने देश के कई शहरों पर कब्जा कर लिया है। जब इस बात की खबर यूक्रेन को लगी तो राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के एक वरिष्ठ सहयोगी ने मजाक उड़ा दिया। उन्होंने कहा कि ये तो बस शुरुआत है।
दरअसल, यूक्रेन युद्ध के बीच रूस के लिए एक नई मुसीबत खड़ी हो गई है। रूस की तरफ से यूक्रेन में लड़ रहे किराए के लड़ाकों के समूह वैगनर ग्रुप ने अब रूसी सेना के खिलाफ ही लड़ाई छेड़ दी है। इसे लेकर रूस ने मॉस्को में आपात कदम उठाए हैं और आतंक-निरोधी नियमों का एलान कर दिया है। इसी को लेकर जेलेंस्की के वरिष्ठ सहयोगी मायखाइलो ने कहा कि रूस में तो यह बस अभी शुरुआत है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों में से किसी एक की हार पक्की है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए एक नई मुसीबत खड़ी हो गई है। उनकी निजी मिलिशिया वैगनर ग्रुप ने विद्रोह करने का फैसला ले लिया है। वैगनर ग्रुप और रूस की सेना के बीच तनाव पैदा हो गया है। रूस से जुड़े लड़ाकू समूह के सरगना येवगेनी प्रिगोझिन ने मॉस्को को दंडित करने और बदला लेने की कसम खाई है। दरअसल, यूक्रेन में वैगनर ट्रेनिंग कैंप पर मिसाइल हमले के लिए प्रिगोझिन ने क्रेमलिन को दोषी ठहराया है। इस हमलें में दर्जनों वैगनर लड़ाकू मारे गए थे। अब समूह के सरगना ने बदला लेने की ठान ली है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एक वीडियो में 62 वर्षीय येवगेनी प्रिगोझिन ने देश के नेतृत्व को उखाड़ फेंकने के लिए बड़ी संख्या में सैनिकों को तैनात करने की कसम खाई। उन्होंने कहा कि जिन्होंने आज हमारे लोगों को नष्ट कर दिया उन्हें दंडित किया जाएगा। हम मॉस्को जा रहे हैं, और जो कोई भी हमारे सेंटर्स में प्रवेश करेगा वह इसके लिए जवाबदेह होगा। सरगना ने आगे कहा कि कोई भी हमारे रास्ते में आने की कोशिश करेगा, हम उन्हें खतरा मानेंगे। हमारे रास्ते में आने वाली सभी चौकियों सहित उन्हें तुरंत नष्ट कर देंगे।